
दुर्गापुर : दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) प्रशासन ने एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेज कर दी है। बुधवार को मेनगेट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत दर्जनों अस्थायी दुकानों पर बुलडोजर चला और उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन प्रभावित दुकानदारों के चेहरे पर चिंता की लकीरें स्पष्ट दिखीं।
पूर्व में भी चलाया गया था अभियान
उल्लेखनीय है कि चार सितंबर को भी डीएसपी प्रबंधन द्वारा लिंक रोड और मेनगेट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था, जिसमें अस्थायी दुकानों को हटाया गया था। हालांकि, कुछ दुकानदारों ने फिर से प्लास्टिक की छावनी या अन्य अस्थायी ढांचे बनाकर कारोबार शुरू कर दिया था। इसके बाद डीएसपी प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर जमीन खाली करने का आदेश दिया और अंततः बुधवार को कार्रवाई कर दी गई।

सख्त रूख अपनाएगा डीएसपी प्रबंधन
सूत्रों के अनुसार, डीएसपी प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लिंक रोड और फ्लाईओवर के नीचे बने सभी अतिक्रमणों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमणकारियों को जगह खाली करनी होगी।

रोजगार छिनने का डर, दुकानदारों में चिंता
मेनगेट क्षेत्र में 100 से अधिक छोटे-बड़े दुकानदार वर्षों से अपने परिवार का भरण-पोषण इन्हीं दुकानों के जरिए कर रहे थे। अब जब प्रशासन ने उनके ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है, तो उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये दुकानदार अब अपने परिवार का गुजारा कैसे करेंगे? प्रशासन ने अब तक इन विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर कोई वैकल्पिक समाधान नहीं सुझाया है, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित हो गया है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 23