
दुर्गापुर : न्यू टाउनशिप थाना अंतर्गत बिधाननगर क्षेत्र में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर लूट का असफल प्रयास करने वाले दो बदमाशों को स्थानीय नागरिकों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। यह घटना गुरुवार प्रातः लगभग 11 बजे घटी, जब बिधाननगर फांड़ी के समक्ष स्थित एक निजी बैंक के एटीएम में दो संदिग्ध युवकों ने प्रवेश किया। दोनों अपराधी मशीन का स्क्रू खोलने का प्रयास कर रहे थे, तभी वहां तैनात सफाईकर्मी की उन पर नजर पड़ी।
सफाईकर्मी के शोर मचाने पर निकटवर्ती नागरिक और एटीएम सुरक्षा कर्मी सतर्क हो गए। मौके की नज़ाकत भांपते हुए एक अपराधी भागने में सफल रहा, किंतु दूसरा स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ गया। तत्पश्चात भीड़ ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से फरार अपराधी की पहचान कर कुछ ही घंटों में उसे समीपवर्ती बाजार से धर दबोचा। प्राथमिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दोनों अपराधी किसी अन्य राज्य के निवासी हैं। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की जानकारी प्राप्त की जा सके।

इस घटना ने बिधाननगर क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न कर दिया है। स्थानीय व्यवसायी विश्वजीत दास ने बताया कि इस प्रकार की घटनाएं आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। हालांकि, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी से नागरिकों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की मांग की है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 14