
आसनसोल : प्रयागराज में जारी पवित्र कुंभ मेले के दौरान भगदड़ में कुचले जाने से पश्चिम बर्दवान के जमुरिया निवासी विनोद रुइदास (42) की दर्दनाक मृत्यु हो गई। वह केंदा बाउरीपाड़ा के निवासी थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं, मालदा की वृद्ध महिला अनीता घोष संगम में डुबकी लगाने के दौरान लापता हो गईं। परिजन उन्हें खोजने में लगे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
भगदड़ में कुचलकर विनोद की मौत
जानकारी के अनुसार, विनोद रुइदास अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ कुंभ मेले में शामिल होने गए थे। मंगलवार को संगम स्नान के दौरान अत्यधिक भीड़ होने के कारण अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान विनोद बुरी तरह कुचल गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
उनके परिजनों के अनुसार, भगदड़ के दौरान विनोद का मोबाइल गुम हो गया था, जिसे राजस्थान के एक तीर्थयात्री ने पाया। जब उसने मोबाइल से संपर्क साधा, तब घटना की जानकारी सामने आई। तत्पश्चात प्रयागराज पुलिस से संपर्क किया गया, जहां पुष्टि हुई कि विनोद की मृत्यु हो चुकी है। शव को कानूनी प्रक्रिया के बाद आसनसोल लाया जा रहा है। इस संबंध में एसडीएम विश्वजीत भट्टाचार्य ने बताया कि मृतक का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह जमुरिया पहुंचेगा।

मालदा की वृद्धा संगम में लापता
इधर, मालदा निवासी अनीता घोष मंगलवार सुबह संगम में स्नान करने गई थीं, तभी अचानक भीड़ बढ़ने से वे लापता हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित लौट आए, लेकिन उनका अब तक कोई अता-पता नहीं चला है। पुलिस प्रशासन उनकी खोजबीन में जुटा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने आसपास के अस्पतालों, आश्रमों और मेले के विभिन्न शिविरों में खोजबीन की, परंतु कोई ठोस सूचना नहीं मिल सकी।
अनीता घोष के बेटे और बहू का कहना है कि वे पुण्य प्राप्ति की इच्छा से कुंभ में शामिल हुई थीं, लेकिन इस अनहोनी की कल्पना भी नहीं की थी। परिवारजन अब किसी भी तरह उनकी जानकारी पाने को व्याकुल हैं।

कोलकाता के श्रद्धालु की भी मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता के गोल्फ ग्रीन निवासी एक व्यक्ति की भी कुंभ मेले में भगदड़ के दौरान मृत्यु हो गई। वह अपने बेटे, बेटी और बहन के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान के लिए पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही आपदा का शिकार हो गए। उनके पार्थिव शरीर को एमआर बांगुर अस्पताल भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना से श्रद्धालुओं में भय का माहौल है। प्रशासन ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का आश्वासन दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।















Users Today : 32
Users Yesterday : 14