
अंडाल : प्रशासनिक सख्ती के बावजूद अवैध बालू तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी क्रम में, देर रात अंडाल थाना पुलिस ने मदनपुर पंचायत अंतर्गत बाबुईसोल-पलाशबन मार्ग से पांच ओवरलोड डंपरों को जब्त किया, जिनमें लगभग 200 टन अवैध बालू लदा हुआ था।

बालू तस्करी पर मुख्यमंत्री की नाराजगी, प्रशासन को दिए थे सख्त निर्देश
बता दें कि अवैध बालू खनन और तस्करी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही अपनी नाराजगी जता चुकी हैं। कुछ समय पूर्व उन्होंने प्रशासनिक बैठक में पुलिस एवं भूमि राजस्व अधिकारियों को कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रशासन ने अवैध खनन पर आंशिक नियंत्रण तो स्थापित किया, किंतु पूरी तरह से तस्करी पर लगाम नहीं लग सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार, बालू माफिया अब भी सक्रिय हैं और चोरी-छिपे तस्करी को अंजाम दे रहे हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी, जाँच जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अवैध बालू तस्करी को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर आधी रात अंडाल पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया और पाँच डंपरों को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने बताया कि इन वाहनों को गुरुवार को भूमि राजस्व विभाग को सौंप दिया गया। साथ ही, यह जाँच की जाएगी कि बालू की निकासी कहाँ से की गई थी और इसे कहाँ तस्करी किया जा रहा था। थाना अधिकारियों ने इस मामले में और भी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।















Users Today : 43
Users Yesterday : 14