
दुर्गापुर : अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाली महिलाओं पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। यह घटना पानागढ़ बाजार स्थित रेल कॉलोनी झुपरीपाड़ा इलाके में घटी। स्थानीय निवासी रेखा बाउरी सहित कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से देशी और विदेशी शराब का अवैध कारोबार हो रहा है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। पुरुष दिनभर नशे में रहते हैं, जिससे घरेलू कलह बढ़ गई है।
पुलिस से शिकायत के बाद बढ़ा उत्पीड़न
13 तारीख को करीब 50 महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल कांकसा थाना पहुंचा और शराब की अवैध बिक्री रोकने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद से असामाजिक तत्व उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं और अपमानित कर रहे हैं।

महिला पर हमला, कपड़े फाड़े गए
मंगलवार सुबह मोहल्ले की महिलाओं ने मिलकर एक महिला के घर चल रहे अवैध शराब के अड्डे को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से नाराज अवैध शराब विक्रेता महादेव चौधरी और उसके परिवारवालों ने रेखा बाउरी को अकेला पाकर अपने घर में खींच लिया, उसकी पिटाई की और उसके कपड़े फाड़ दिए। रेखा की चीख-पुकार सुनकर आसपास की महिलाएं दौड़कर पहुंचीं और उसे बचाकर अस्पताल ले गईं।

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
बुधवार को रेखा बाउरी और अन्य महिलाएं फिर से कांकसा थाना पहुंचीं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ लड़ाई लड़ने के कारण वे अब डर के साये में जी रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इलाके में शराब की बिक्री पर रोक लगाई जाए और हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस ने दिया आश्वासन
कांकसा पुलिस ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं महिलाएं अब भी सुरक्षा की गुहार लगा रही हैं।















Users Today : 46
Users Yesterday : 14