
बर्नपुर : हीरापुर थाना अंतर्गत बर्नपुर रोड स्थित निमतल्ला बाजार में गुरुवार देर रात भीषण अग्निकांड से भारी अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में एक सैलून, चाय दुकान, होटल, लोहार की दुकान, गैरेज एवं चिकन शॉप सहित आधा दर्जन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि वे असफल रहे।

दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही हीरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह स्वाहा हो चुकी थीं। गनीमत यह रही कि चिकन शॉप में रखे सभी मुर्गियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

व्यापारियों पर टूटा आर्थिक संकट, जलकर राख हुआ कारोबार
अग्निकांड की विभीषिका शुक्रवार सुबह स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जब पीड़ित दुकानदार राख के ढेर में बचे-खुचे सामान को खोजते नजर आए। चिकन शॉप के मालिक शाहिद खान ने बताया कि घटना गुरुवार देर रात लगभग 1:30 बजे घटी। सूचना पाकर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी दुकान जलकर नष्ट हो चुकी थी।
होटल संचालक पंकज ने दुख जताते हुए बताया कि कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपने होटल का नवीनीकरण करवाया था, लेकिन इस आगजनी में सभी बर्तन, फ्रीज, लकड़ी का फर्नीचर सहित संपूर्ण होटल जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने कहा, “दो वर्ष पूर्व भी आगजनी की एक घटना में मेरी दुकान को काफी क्षति पहुंची थी, लेकिन इस बार सब कुछ खत्म हो गया।”

साजिश की आशंका, जांच की मांग
पीड़ित दुकानदारों ने इस घटना को लेकर साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर इसी तरह की आगजनी हुई थी, जिसमें पांच दुकानें जलकर राख हो गई थीं। दुकानदारों ने प्रशासन से इस अग्निकांड की गहन जांच कराने की मांग की है ताकि घटना के पीछे का सच सामने आ सके।
इस भीषण अग्निकांड से निमतल्ला बाजार में व्यापारियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन द्वारा अब तक आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और दमकल विभाग घटना की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।















Users Today : 46
Users Yesterday : 14