
आसनसोल : चित्तरंजन में दोपहर एक दर्दनाक घटना घटी, जब मधुमक्खियों के झुंड ने एक पिता और उसके बेटे पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। द्वादश कक्षा के छात्र दिव्यांश श्रीवास्तव, जो सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ता है, आज अपनी बोर्ड परीक्षा के तहत केमिस्ट्री का पेपर देने बीआरएस स्कूल गया था।

परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने पिता के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोपहर करीब 1:45 बजे जब वे फतेहपुर बाजार के पास पहुंचे, तभी अचानक झुंड के झुंड मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के तीव्र डंक के कारण वे दर्द से तड़पते हुए बाइक से नीचे गिर पड़े। वे मदद के लिए चिल्लाने लगे, लेकिन मधुमक्खियां लगातार उन पर हमला करती रहीं। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तेजी से आग जलाकर मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की और दोनों को बचाने के लिए बोरी से ढकने का प्रयास किया।

इसी दौरान एक राहगीर ने मानवीयता दिखाते हुए अपनी गाड़ी से पिता-पुत्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दिव्यांश को कई जगह डंक लगे हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर है, जबकि उसके पिता की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

इस अप्रत्याशित घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस मौसम में मधुमक्खियां ज्यादा आक्रामक हो सकती हैं, इसलिए जंगल या सुनसान इलाकों में सतर्कता बरतनी चाहिए।















Users Today : 0
Users Yesterday : 46