
दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल में आसन्न चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने फर्जी मतदाताओं पर अंकुश लगाने के लिए अपनी रणनीति को सशक्त रूप से लागू करना प्रारंभ कर दिया है। इसी क्रम में आज दुर्गापुर स्थित सृजनी प्रेक्षागृह में पार्टी के 2 नंबर ब्लॉक की विशेष कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र के तृणमूल सांसद कीर्ति आजाद, जिला तृणमूल अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक में सांसद कीर्ति आजाद ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी तोते के समान हैं और चुनाव आयोग पिंजरे में बंद मैना।” इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म ‘फकीरा’ के प्रसिद्ध गीत ‘तोता मैना की कहानी’ को गाकर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में धांधली करने के लिए बाहरी राज्यों से मतदाताओं को बुलाने की साजिश रच रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सतर्कता बढ़ाने का निर्देश देते हुए बताया कि दस बूथों को मिलाकर एक क्लस्टर गठित किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी दस वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी। इन कार्यकर्ताओं की गतिविधियों का निरीक्षण एक अनुभवी पदाधिकारी करेगा और इसकी मासिक समीक्षा ब्लॉक स्तर पर होगी।

सांसद ने कहा कि मतदाता सूची में दर्ज मतदाता पहचान पत्र संख्याओं की गहन जांच आवश्यक है, ताकि महाराष्ट्र, हरियाणा, गुरुग्राम एवं दिल्ली से भाजपा द्वारा बुलाए गए बाहरी मतदाता चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा की उकसावे वाली राजनीति से सावधान रहें और संगठित होकर प्रत्येक बूथ पर निगरानी रखें।
इस विशेष बैठक में सांसद कीर्ति आजाद, जिला तृणमूल अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, प्रशासनिक बोर्ड की चेयरपर्सन अनिंदिता मुखोपाध्याय, जिला नेता असीमा चक्रवर्ती, सदस्य राखी तिवारी, धर्मेंद्र यादव, 2 नंबर ब्लॉक अध्यक्ष उज्ज्वल मुखोपाध्याय, पूर्व पार्षद रमा प्रसाद हलदार सहित अन्य गणमान्य नेता उपस्थित रहे।















Users Today : 20
Users Yesterday : 23