
जामुड़िया : होली की उमंग समाप्त होने के बाद जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तभी जामुड़िया में एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना रविवार देर रात की है, जब अचानक दुकान में आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी विकराल थी कि सुबह तक दुकान जलती रही।

आग बुझाने के लिए आसनसोल और रानीगंज से दमकल विभाग की गाड़ियाँ बुलाई गईं, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचीं, तब तक पूरी दुकान राख में तब्दील हो चुकी थी। स्थानीय फैक्ट्रियों और लोगों ने भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया, मगर तेज लपटों के सामने सभी प्रयास विफल रहे। इस भीषण अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य के वस्त्र जलकर नष्ट हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पलभर में उसने तीन मंजिला इमारत को चपेट में ले लिया।

व्यापारियों ने इस घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जामुड़िया में दमकल केंद्र स्थापित करने की वर्षों से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। इससे पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएँ हुई हैं, पर हर बार दमकल की देरी से पहुँचने के कारण व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
फिलहाल, पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग कैसे लगी। आशंका जताई जा रही है कि यह शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी होगी।















Users Today : 15
Users Yesterday : 23