
आसनसोल : भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने शीतला क्षेत्र स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के आंतरिक कलह पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के बीच कथित सत्ता संघर्ष को लेकर कहा कि इससे भाजपा और प्रदेशवासियों को कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, लोगों को पीने का स्वच्छ जल नहीं मिल रहा, गरीबों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा, महिलाएं असुरक्षित हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है।

विधायक ने स्पष्ट किया कि टीएमसी के भीतर कौन किसका स्थान ले रहा है, किसका प्रभाव घट रहा है या बढ़ रहा है, इससे भाजपा को कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी में कौन किसे धक्का दे रहा है, किसका सिर फूट रहा है, यह टीएमसी का आंतरिक मामला है। भाजपा का एकमात्र उद्देश्य बंगाल की जनता को राहत दिलाना है, जो केवल सत्ता परिवर्तन से ही संभव है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार का पतन होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ही प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन देने और जनता की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम है।
















Users Today : 12
Users Yesterday : 23