
रानीगंज : समाज के लिए विध्वंसकारी नशीली पदार्थों के दुष्प्रभावों के विरुद्ध पश्चिम बंगाल बाउरी समाज शिक्षा समिति ने एक विशाल जागरूकता जुलूस का आयोजन किया। यह जुलूस रानीगंज मैदान से प्रारंभ होकर एनएसबी रोड तक निकाला गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त नशीली पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों को उजागर करना एवं युवा पीढ़ी को इस विनाशकारी प्रवृत्ति से दूर रहने हेतु प्रेरित करना था।


स्थानीय नागरिकों ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि रानीगंज क्षेत्र में युवाओं के मध्य मादक पदार्थों—शराब, तंबाकू, ड्रग्स आदि के सेवन की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। इसे बेरोजगारी की विकट समस्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को उचित रोजगार उपलब्ध न होने के कारण वे नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।

इस जुलूस के उपरांत समिति के प्रतिनिधियों ने रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें स्थानीय कल-कारखानों एवं प्रतिष्ठानों में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने आश्वस्त किया कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा एवं शीघ्र ही समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों का मानना है कि यदि युवाओं को उचित रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो उन्हें नशे की लत से बचाया जा सकता है। इस पहल को व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की आशा प्रबल हुई है।















Users Today : 12
Users Yesterday : 23