

अंडाल : पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल स्थित काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डे पर बुधवार दोपहर सुरक्षा जांच के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के पास से मिस फायर हुआ कारतूस बरामद हुआ। घटना बुधवार (16 अप्रैल) को लगभग दोपहर 2:55 बजे की है। हवाई अड्डे की सुरक्षा टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध व्यक्ति को तत्काल हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मुक्तेश्वर मिश्रा (55) के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले के हिंदुस्तान प्रेस रोड इलाके का निवासी है। वह इंडिगो की उड़ान से अंडाल से दिल्ली जाने की तैयारी में था। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान उसके बैग से एक निष्क्रिय (मिस फायर) कारतूस बरामद हुआ, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में व्यक्ति यह स्पष्ट नहीं कर सका कि कारतूस उसके पास कैसे आया। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन पूछताछ में जुट गई है।

गुरुवार (17 अप्रैल) को आरोपी को दुर्गापुर सब-डिवीजनल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से आरोपी की हिरासत की मांग की, ताकि उसके पास कारतूस होने की वास्तविक वजह और इसकी संभावित साजिश या पृष्ठभूमि का पता लगाया जा सके।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का निर्देश दिया है। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा जांच और अधिक सख्त कर दी गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी का किसी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि से कोई संबंध रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जल्द ही विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।














Users Today : 20
Users Yesterday : 26