

पूर्व बर्दवान : बीते दो से तीन दिनों से जारी असमय मूसलधार वर्षा ने पूर्व बर्दवान जिले के मंतेश्वर ब्लॉक अंतर्गत बामुनपाड़ा अंचल के शाहाजादपुर गांव के किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बोरों धान की फसल लगभग पक चुकी थी, लेकिन बारिश के कारण एक-एक बीघा खेत अब घुटनेभर पानी में डूबा हुआ है। जिससे भारी पैमाने पर फसल को नुकसान पहुँच रहा है और किसान आर्थिक बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं।
ग्रामीण किसान लियाकत शेख, लाल्टू शेख, भोला शेख, सुमित घोष और नुर आलम शेख ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर बोरों धान की खेती की थी। फसल की स्थिति अच्छी थी, लेकिन अचानक हुई भीषण बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पके हुए धान के खेतों में अब पानी भर गया है और अगर यही स्थिति दो-तीन दिनों तक और बनी रही तो पूरा धान सड़ जाएगा और किसानों को गंभीर नुकसान झेलना पड़ेगा।

किसानों ने बताया कि धान ही उनका मुख्य आजीविका का साधन है। परिवार का गुज़ारा इसी पर निर्भर है। कोई दूसरा आय का स्रोत नहीं है। ऐसे में फसल का नष्ट होना उनके लिए भोजन और जीवन दोनों पर संकट उत्पन्न कर रहा है। उनका कहना है कि अब समझ नहीं आ रहा कि धान घर तक पहुंच पाएगा या नहीं। खेत से धान लाने की कोई सुलभ व्यवस्था नहीं बची है।

बेहद चिंतित और असहाय इन किसानों ने राज्य सरकार से आपदा राहत सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकार समय रहते हस्तक्षेप कर सहायता प्रदान करे, तो वे इस संकट से उबर सकते हैं। अन्यथा उनका जीवन अंधकारमय हो जाएगा। किसानों ने प्रशासन से तत्काल सर्वेक्षण एवं मुआवजा की मांग की है ताकि उनका कर्ज का बोझ कुछ हद तक कम हो सके।















Users Today : 19
Users Yesterday : 26