

आसनसोल : कश्मीर के पाहलगाम क्षेत्र में घटित बर्बर आतंकी हमला, जिसमें निर्दोष हिन्दू पर्यटकों की क्रूरतापूर्वक हत्या कर दी गई, ने सम्पूर्ण देश को शोकसंतप्त और स्तब्ध कर दिया है। इस नृशंस कृत्य के विरोध में तृणमूल युवा कांग्रेस की ओर से आसनसोल दक्षिण (नगर) अंतर्गत बरनपुर नगर क्षेत्र में मौन मोमबत्ती जुलूस निकाला गया।
बर्नपुर बस स्टैंड से आरंभ हुआ यह शांति मार्च स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा से होते हुए बाड़ी मैदान तक पहुँचा। इस अवसर पर आसनसोल नगर निगम के उपमहापौर अभिजीत घटक, पूर्व महापौर परिषद सदस्य लक्ष्मण ठाकुर, तृणमूल युवा कांग्रेस के नगर अध्यक्ष अवीक गोस्वामी, नगर निगम के बरो चेयरमैन, वार्ड अध्यक्षगण एवं अनेक पार्षदगण उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त आसनसोल बाजार क्षेत्र स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में शोकसभा का आयोजन कर शहीद पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा का नेतृत्व टीएमसी के राज्य सचिव वी. शिवदासन दासु ने किया। पूर्व विधायक सोहराब अली, अरुण शर्मा, पार्षद बबिता दास, युवा नेता विश्वरूप गंगोपाध्याय समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने हमले की तीव्र भर्त्सना करते हुए इसे पाकिस्तान पोषित आतंकवादियों द्वारा सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने का षड्यंत्र करार दिया।

वहीं दुर्गापुर में भी तृणमूल युवा कांग्रेस की ओर से एक दीपांजलि यात्रा का आयोजन किया गया, जो कायज़र मोड़ से प्रारंभ होकर बेनाचिती पंचमाथा मोड़ तक पहुंची। पश्चिम बर्दवान जिला युवा तृणमूल अध्यक्ष पार्थ देवाशीष, ब्लॉक अध्यक्ष भीमसेन मंडल तथा नेता पंकज राय सरकार समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पार्थ देवाशीष ने शोक व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार को इस गंभीर विफलता के लिए उत्तरदायी ठहराया और कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने के बाद आतंकवाद समाप्त होने का दावा खोखला सिद्ध हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चौकिदारी भूमिका पूर्णतः विफल रही है और अब उन्हें सत्ता से त्यागपत्र देकर राजनैतिक ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए।
इस प्रदर्शन के माध्यम से आमजन की व्यथा, एकता का संदेश और आतंकवाद के विरुद्ध राष्ट्रीय आक्रोश स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त हुआ।














Users Today : 15
Users Yesterday : 26