

आसनसोल : दिल्ली में आयोजित 23वीं अखिल भारतीय कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग चैंपियनशिप (22 अप्रैल से 3 मई 2025) में आसनसोल के युवा निशानेबाज़ अभिनव ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया। शनिवार को उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल पुरुष यूथ वर्ग के फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी कुल स्वर्ण पदकों की संख्या चार कर ली।

इस स्पर्धा में महाराष्ट्र के पार्थ माने ने रजत पदक तथा तमिलनाडु के एस. गुरु ने कांस्य पदक हासिल किया। इससे पहले 27 अप्रैल को अभिनव ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम की सीनियर, जूनियर और यूथ श्रेणियों में तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे।

नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष और पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री वी.के. ढल ने अभिनव को इस शानदार सफलता पर बधाई दी और कहा कि वह उनके प्रदर्शन पर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा, “अभिनव का यह योगदान देश और राज्य दोनों के लिए गौरव का क्षण है।”

आसनसोल राइफल क्लब के सदस्यों में भी अभिनव की इस उपलब्धि को लेकर खुशी और गर्व की लहर है। क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है और इससे आने वाले युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

अभिनव के दादा श्री रामचंद्र प्रसाद शॉ ने अपने पोते को ढेरों आशीर्वाद दिए और कहा कि यह परिवार के लिए गर्व का पल है। वहीं, अभिनव के स्कूल के प्रिंसिपल श्री रवि विक्टर ने कहा, “हमारे स्कूल के लिए यह गौरव की बात है। अभिनव जैसे विद्यार्थियों से हमें उम्मीद है कि वे भविष्य में भी देश के लिए स्वर्णिम इतिहास रचेंगे।”
अभिनव की यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह राज्य और देश के लिए गौरव का प्रतीक बन गई है।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26