

आसनसोल : साइबर अपराधियों ने एक बार फिर नयी चाल से आम लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। इस बार ठगों ने टाटा समूह के प्रतिष्ठित ब्रांड “जूडियो” की फर्जी फ्रेंचाइजी देने के नाम पर एक युवक से ₹21 लाख 50 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित युवक का नाम शुभेंदु सेठ है, जो रानीगंज का निवासी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुभेंदु सेठ सोशल मीडिया पर ब्राउज़ कर रहे थे, तभी उन्हें जूडियो फ्रेंचाइजी का एक लिंक दिखाई दिया। आकर्षक प्रस्ताव देखकर उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर आवेदन कर दिया। आवेदन के तुरंत बाद उन्हें एक ई-मेल मिला जिसमें व्यावसायिक प्रस्ताव, उत्पाद विवरण और फ्रेंचाइजी पंजीकरण फॉर्म संलग्न था। शुभेंदु ने नियमों के अनुसार फॉर्म भरकर जमा कर दिया।

इसके बाद 17 अप्रैल को उन्हें एक फोन कॉल प्राप्त हुआ जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रमुख अधिकारी “संदीप जैन” बताया। इसके बाद ई-मेल, व्हाट्सएप और कॉल के जरिए लगातार बातचीत होती रही। उन्हें यकीन दिलाया गया कि वे जल्द ही फ्रेंचाइजी मालिक बनने जा रहे हैं और इसके लिए उन्हें चरणबद्ध भुगतान करना होगा।
शुभेंदु ने बताए गए निर्देशों के अनुसार अलग-अलग समय पर कुल ₹21,50,500 रुपये एक्सिस बैंक के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। हालांकि बातचीत के दौरान कुछ चीजों से उन्हें संदेह हुआ, जिससे सावधानी बरतते हुए उन्होंने जूडियो कंपनी की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर संपूर्ण विवरण भेजकर पुष्टि मांगी।

2 मई को कंपनी की ओर से स्पष्ट कर दिया गया कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है और कंपनी का इस प्रकार के किसी भी प्रस्ताव से कोई लेना-देना नहीं है। इस सूचना के बाद शुभेंदु सेठ को गहरा झटका लगा और उन्होंने तुरंत स्थानीय थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।

घटना से क्षेत्र में साइबर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। आम लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी ऑनलाइन प्रस्ताव को बिना सत्यापन के स्वीकार न करें और किसी भी अज्ञात लिंक या कॉल से सतर्क रहें।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगों की पहचान करने के लिए बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26