

आसनसोल : एशिया की सबसे बड़ी रेल कारखानों में से एक चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) इन दिनों बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चर्चा में है। कारखाने के अलग-अलग गेटों पर बने बाइक स्टैंड से लगातार वाहन चोरी की घटनाएं कर्मचारियों के लिए चिंता का कारण बन चुकी हैं। 5 मई को ट्रैक्शन मोटर गेट स्थित स्टैंड से एक रेलकर्मी की बाइक चोरी हो गई, जो इस प्रकार की हालिया तीसरी घटना है।
पीड़ित कर्मचारी सुबीर चक्रवर्ती जब रोज की तरह अपनी ड्यूटी पूरी कर स्टैंड पर पहुँचे तो उन्होंने देखा कि उनकी बाइक वहां नहीं थी। उन्होंने तुरंत आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर आरपीएफ द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की कोशिश की जा रही है। सुबीर को आरपीएफ कंट्रोल रूम ले जाकर आवश्यक जानकारी ली गई।

चिंताजनक बात यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए बाइक स्टैंड होने के बावजूद वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। कारखाने में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

लेबर यूनियन नेता राजीव गुप्ता ने कहा कि “यह पहली बार नहीं है जब कारखाने से किसी कर्मचारी की बाइक चोरी हुई हो। पूर्व में शिकायत के बाद सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाए गए थे, लेकिन केवल कैमरा लगाने से सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती।” उन्होंने सुझाव दिया कि “बाइक स्टैंड का टेंडर निजी संस्थाओं को दिया जाए, जिससे वे सुरक्षा की जिम्मेदारी लें और निगरानी सुनिश्चित हो सके।”
केवल ट्रैक्शन मोटर गेट ही नहीं, बल्कि टाइम ऑफिस गेट और अन्य गेटों पर भी यही स्थिति है। रोजाना सैकड़ों कर्मचारी अपनी मोटरसाइकिल को जोखिम में छोड़कर कारखाने में ड्यूटी के लिए जाते हैं। कर्मचारी अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आशंकित और नाराज़ हैं।

अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या सीसीटीवी फुटेज चोरों को पकड़ने में सहायक साबित होगा, या फिर एक और घटना यूं ही फाइलों में दबी रह जाएगी।














Users Today : 7
Users Yesterday : 28