

दुर्गापुर : न्यू टाउनशिप थाना अंतर्गत पड़दही इलाके में एक गृहिणी की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में भारी बवाल का माहौल उत्पन्न हो गया। मृत महिला की पहचान माया घोष (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कमलपुर, दुर्गापुर थाना क्षेत्र की निवासी थीं। उनकी शादी दो वर्ष पूर्व सुषोभन माइती के साथ हुई थी, जो पड़दही इलाके में रहता है।परिवार वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही माया पर पति, ससुर और सास द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया जाता था।

बुधवार को मायके वालों को फोन कर सूचित किया गया कि माया ने फांसी लगा ली है। जब माया के परिजन ससुराल पहुंचे, तो उन्होंने माया का झूलता हुआ शव देखा, जिससे वे स्तब्ध और आक्रोशित हो उठे।इसके बाद मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ की गई। स्थानीय लोग और माया के परिजन मिलकर ससुराल पक्ष के खिलाफ नारेबाज़ी करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर न्यू टाउनशिप थाना पुलिस और बाद में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की कॉम्बैट फोर्स भी मौके पर पहुंची। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई।

मृतका की बहन प्रतिमा घोष ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरे जीजा ने फोन कर हमें बताया कि माया ने गले में फंदा लगाया है। जब हम पहुँचे, तो देखा कि पुलिस शव को उतार रही है। मेरी बहन के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। बुधवार सुबह भी उसे पीटा गया था।

हमें यकीन है कि उसकी हत्या कर लटकाया गया है।”पुलिस ने पति, ससुर और सास को हिरासत में ले लिया है, और शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकुमा अस्पताल भेज दिया गया है।

परिजनों की मांग है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद, पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। घटना की जांच शुरू हो चुकी है और पुलिस ने सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल करने की बात कही है।














Users Today : 7
Users Yesterday : 28