
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस के वार्ड 39 के अध्यक्ष हाकिम दास पर स्थानीय निवासियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वार्ड अध्यक्ष इलाके में दहशत फैलाकर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं और जो भी इसका विरोध करता है, उसे मारपीट और धमकी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाकिम दास पर कई बार जबरन जमीन हड़पने, गरीबों पर अत्याचार करने और माफिया तत्वों की मदद लेने के आरोप लगे हैं। एक महिला ने भावुक होकर कहा कि जब उन्होंने पुलिस से शिकायत की, तब पुलिस ने भी उनकी नहीं सुनी। जबकि राज्य की मुख्यमंत्री बार-बार कहती हैं कि पुलिस गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने देगी, लेकिन वार्ड 39 में हालात बिल्कुल अलग हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाकिम दास ने पूरे इलाके में आतंक का माहौल बना दिया है। कोई उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करता, क्योंकि उन्हें डर है कि अगली बार उनके साथ मारपीट हो सकती है। विरोध करने वालों को या तो धमकाया जाता है या माफिया तत्वों के ज़रिए डराया जाता है।
स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और पार्टी स्तर पर इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे किसी भी व्यक्ति को संरक्षण नहीं देगी जो जनप्रतिनिधि होते हुए जनता पर ही अत्याचार करता है।

इस मुद्दे पर जब वार्ड अध्यक्ष हाकिम दास से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

इलाके में इस घटना के बाद तनाव और आक्रोश का माहौल है। लोग अब सीधे प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर जल्दी कार्रवाई नहीं की गई तो वे संगठित होकर आंदोलन करेंगे। वहीं, प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।

स्थानीय लोग अब आशा लगाए बैठे हैं कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस गंभीर मामले को गंभीरता से लेकर उचित कदम उठाएगी।














Users Today : 2
Users Yesterday : 28