
दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल के बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार साव को पाकिस्तान द्वारा रिहा किए जाने के बाद उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर स्थित ट्रंक रोड पर ससुराल में भी जश्न का माहौल देखा गया। बुधवार को जैसे ही पूर्णम की रिहाई की खबर आई, परिजन और पड़ोसी खुशी से झूम उठे।

पूर्णम कुमार साव की गिरफ्तारी को लेकर पूरे परिवार और इलाके में पिछले कुछ समय से गहरी चिंता का माहौल था। लेकिन बुधवार को जैसे ही खबर आई कि पाकिस्तान ने उन्हें रिहा कर भारत को सौंप दिया है, परिजनों ने राहत की सांस ली।

इस खुशी के मौके पर दुर्गापुर 2 नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी स्वयं जवान के ससुराल पहुंचे। वे अपने साथ दीघा के जगन्नाथ धाम का प्रसाद और मिठाई लेकर आए। उन्होंने जवान के श्वसुर शिवधनी गुप्ता और अन्य परिजनों को प्रसाद और मिठाई भेंट की। इस दौरान पूरे परिवार की आंखों में खुशी और राहत के भाव स्पष्ट झलक रहे थे।
पूर्णम के श्वसुर शिवधनी गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हम सब बहुत ही चिंतित और तनाव में थे। जब हमें सुबह यह खबर मिली कि हमारा जमाई भारत लौट आया है, तब जाकर चैन मिला। हम भारत सरकार का दिल से धन्यवाद करते हैं, जिनके प्रयास से यह संभव हुआ।”

स्थानीय लोगों और परिजनों ने भारत सरकार और सुरक्षा एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। बताया जा रहा है कि पूर्णम कुमार साव बीएसएफ में तैनात थे और किसी कारणवश पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे, जहां उन्हें हिरासत में लिया गया था।
उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर भारत सरकार ने लगातार प्रयास किए और अंततः पाकिस्तान ने उन्हें रिहा कर दिया। जैसे ही पूर्णम की रिहाई की खबर फैली, उनके गांव और ससुराल में लोग मिठाइयां बांटने लगे।

यह घटना न केवल एक परिवार के लिए राहत और खुशी लेकर आई, बल्कि यह भी दर्शाती है कि संकट की घड़ी में सरकार अपने नागरिकों के साथ खड़ी होती है। अब पूरा परिवार जवान की सकुशल वापसी की प्रतीक्षा कर रहा है ताकि उन्हें अपने बीच देखकर सच्ची खुशी का अनुभव कर सके।














Users Today : 2
Users Yesterday : 28