
आसनसोल : आसनसोल दक्षिण विधानसभा की विधायक, अग्निमित्रा पाल ने मंगलपुर क्षेत्र में स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री का दौरा किया और वहां के प्रदूषण की समस्या को लेकर बख्तरनगर गांव के निवासियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मंगलपुर क्षेत्र में सात फैक्ट्रियों से फैलने वाला प्रदूषण बख्तरनगर गांव के निवासियों के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन गया है। इस प्रदूषण के कारण गांव के अधिकांश लोग अस्थमा, सांस संबंधी बीमारियों, और अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित हैं। पिछले डेढ़ वर्षों में इन बीमारियों के कारण करीब 150 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

विधायक अग्निमित्रा पाल ने फैक्ट्री के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें चेतावनी दी कि वह अगले सप्ताह प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच करेंगी। यदि किसी भी फैक्ट्री में कोई त्रुटि पाई गई, तो वह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से इन फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आवेदन करेंगी।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी के जिला अध्यक्ष, अभिजीत घटक ने कहा कि वामपंथी सरकार के समय स्पंज आयरन फैक्ट्रियों से बहुत अधिक प्रदूषण फैलता था। तृणमूल सरकार के आने के बाद, इन फैक्ट्रियों में अत्याधुनिक मशीनों को स्थापित कर प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में सफलता प्राप्त की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मंगलपुर क्षेत्र की फैक्ट्रियों के प्रदूषण के बारे में भ्रामक बयान न दिए जाएं और केंद्र सरकार से यह अपील की कि वह इस्को और डीएसपी जैसी बड़ी फैक्ट्रियों में श्रमिकों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कदम उठाए।

मंगलपुर में लंबे समय बाद जूट मिल के फिर से खुलने के बारे में विधायक ने उम्मीद जताई कि बर्न स्टैंडर्ड फैक्ट्री और हिंदुस्तान केबल्स फैक्ट्री खोलने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि यहां के मजदूरों को रोजगार मिल सके और उनकी भूखमरी की समस्या का समाधान हो सके।















Users Today : 0
Users Yesterday : 64