

रानीगंज : रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स असेंबली प्रीमियर लीग (एसएपीएल) के आठवें संस्करण का फाइनल मुकाबला अरोमा लायंस की टीम ने जीतकर चैंपियन का खिताब हासिल किया। फाइनल मैच में अरोमा लायंस का सामना श्री गोपाल एकादश से हुआ, जिसमें अरोमा लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 193 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्री गोपाल एकादश इस लक्ष्य को हासिल करने में असफल रही और अरोमा लायंस ने खिताबी जीत अपने नाम की।
चैंपियन टीम अरोमा लायंस को विजेता ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये का चेक पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता श्री गोपाल एकादश को ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इस रोमांचक फाइनल में अरोमा लायंस के खिलाड़ी अक्षत खेतान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार हासिल किया। वहीं, ‘बेस्ट बैट्समैन’ का सम्मान अर्जुन पोद्दार को मिला, जबकि ‘राइजिंग प्लेयर’ का पुरस्कार बलजीत सिंह को दिया गया। ‘स्टार प्लेयर’ का सम्मान क्षितिज बजाज को मिला, और ‘बेस्ट फील्डर’ का पुरस्कार अक्षत खेतान ने अपने नाम किया। बलजीत सिंह को ‘बेस्ट बॉलर’ के सम्मान से नवाजा गया।

टूर्नामेंट के फाइनल समिट और अन्य सभी मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया गया, जिससे दर्शकों ने ऑनलाइन लाइव टेलीकास्ट का आनंद उठाया। इसके अतिरिक्त, मैच को और अधिक रोमांचक बनाने के लिए आयोजकों द्वारा प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी, जिस पर उपस्थित दर्शकों ने मैच का सीधा प्रसारण देखा।
एसएपीएल के इस आठवें संस्करण में कुल छह टीमें शामिल थीं – अरोमा लायंस, ऑर्किड ओरियन, पद्मिनी, श्री कृष्णा वॉरियर्स, रॉयल केयर, और श्री गोपाल एकादश। इस टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक एलएनटी बियरिंग्स रहे, जबकि यूट्यूब प्रायोजक मनपसंद ब्रांड ने सहयोग प्रदान किया।
रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली के अध्यक्ष कमल नयन झुनझुनवाला ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन हेतु सभी टीमों के मालिकों, खिलाड़ियों, और क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और अनुशासन से टूर्नामेंट शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि क्लब खेलकूद को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और विभिन्न खेलों जैसे क्रिकेट, टेबल टेनिस, और बैडमिंटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

स्पोर्ट्स असेंबली प्रीमियर लीग, आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाला टूर्नामेंट, रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली के सदस्यों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हो गया है। इसकी लोकप्रियता में प्रतिवर्ष वृद्धि हो रही है और क्लब के सदस्यों को इसका वर्षभर बेसब्री से इंतजार रहता है। इस अवसर पर एसएपीएल सीजन-8 के चेयरमैन अनीश पोद्दार, स्पोर्ट्स असेंबली के सचिव मनोज शर्मा समेत अन्य गणमान्य सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।















Users Today : 23
Users Yesterday : 34