
कुल्टी : आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 73 स्थित आलडीह के बाउरीपाड़ा इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक घर के अंदर पति-पत्नी की लाश संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर नियामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां पति रवि बाउरी का शव फांसी के फंदे से झूलता मिला, जबकि पत्नी माला बाउरी का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया।
चार मासूम बेटियों के सिर से उठा माता-पिता का साया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक दंपति के चार बेटियां हैं। इनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि तीन बेटियां माता-पिता के साथ ही घर में रहती थीं। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अब इन मासूम बेटियों की परवरिश कौन करेगा। मृतकों की बेटियां बदहवास हालत में रोती-बिलखती नजर आईं, जिसे देख पूरे इलाके की आंखें नम हो गईं।

आर्थिक तंगी बनी मौत की वजह ?
स्थानीय निवासियों के अनुसार, रवि और माला आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। उनके घर अक्सर अलग-अलग लोग पैसे मांगने आते थे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने कई लोगों से ऊंचे ब्याज दर पर कर्ज लिया था, जिसे चुका पाने में असमर्थ थे। पड़ोसियों ने बताया कि पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि यह झगड़ा इतना बड़ा रूप ले लेगा।

पहले झगड़ा, फिर हत्या और आत्महत्या की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थिति में शव बरामद हुए, उससे प्रतीत होता है कि पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई होगी। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंचा और गुस्से में आकर रवि बाउरी ने अपनी पत्नी माला का गला रेत दिया। पत्नी की हत्या के बाद उसने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही नियामतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह पूरी तरह से आत्महत्या और हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश भी हो सकती है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है और मासूम बेटियों के भविष्य को लेकर चिंतित है। पुलिस प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।















Users Today : 19
Users Yesterday : 23