
आसनसोल : बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संगम प्रस्तुत करते हुए सोमवार सायं से द्वितीय वार्षिक “आसनसोल पूजा कार्निवल 2024” का शुभारंभ हुआ। इस रंगारंग महोत्सव का मुख्य आकर्षण अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता एवं उनके दल की शानदार नृत्य प्रस्तुति रही। इस वर्ष का कार्निवल पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन द्वारा बार्नपुर रोड पर आयोजित किया गया।

उद्घाटन समारोह में शंखनाद, श्री खोल, ढाक वादन, आदिवासी नृत्य तथा छऊ नृत्य ने माहौल को भक्ति एवं सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया। मुख्य मंच पर राज्य के कानून एवं श्रम मंत्री मलय घटक, आसनसोल के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नबालन, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी, आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय, जिला परिषद के सलाहकार वी. शिवदासन उर्फ दासू, जिला सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी, आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सौमात्तानंदजी, विधायक हरेराम सिंह, चेयरमैन अमरनाथ चट्टोपाध्याय, मेयर परिषद सदस्य गुरुदास उर्फ रॉकेट चट्टोपाध्याय समेत कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस सांस्कृतिक प्रस्तुति के उपरांत सांय 6:30 बजे से भव्य शोभायात्रा आरंभ हुई, जिसमें आसनसोल शहर एवं औद्योगिक क्षेत्र के 15 प्रमुख पूजा समितियों ने भाग लिया। शोभायात्रा का प्रारंभ चित्रा मोड़ से होकर बार्नपुर रोड से भगत सिंह मोड़ पर समापन हुआ, जिसमें सबसे आगे बार्नपुर के नेताजी स्पोर्टिंग क्लब की पूजा झांकी रही।

मंत्री मलय घटक एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने सम्बोधन में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कार्निवल की नींव रखकर बंगाल के सबसे बड़े पर्व को वैश्विक पहचान दिलाई है। मंत्री ने दावा किया कि इस अवसर पर 20 हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। जिला प्रशासन ने इस कार्निवल के लिए बार्नपुर रोड के दोनों ओर बैठने की व्यवस्था की थी।

नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई थी, जिसमें पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स, कॉम्बैट फोर्स और सिविक वॉलंटियर भी तैनात किए गए थे। उल्लेखनीय है कि इसी दिन पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में भी “पूजा कार्निवल 2024” का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनता का भारी उत्साह देखा गया।















Users Today : 3
Users Yesterday : 22