
आसनसोल : फाल्गुन शुक्ल चतुर्दशी तिथि पर परंपरा का निर्वहन करते हुए आसनसोल एनएस रोड स्थित शिवमंदिर मार्ग के गौशाला परिसर में विधिवत रूप से डांडा रोपण का पावन अनुष्ठान संपन्न हुआ। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न इस अनुष्ठान में जगदीश शर्मा, सियाराम अग्रवाल, अनिल जालान, महेश शर्मा, प्रकाश दीवान, सुनील मुकीम, विवेक खेतान सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सियाराम अग्रवाल ने बताया कि डांडा रोपण का अनुष्ठान शुभ मुहूर्त में विधि-विधानपूर्वक किया जाता है। इस परंपरा के अंतर्गत महिलाएं श्रद्धा भाव से डांडा की पूजा करती हैं तथा उस जल को ग्रहण करने के उपरांत ही अन्न का सेवन करती हैं। वहीं, होलिका दहन के रात्रि काल में पुनः इस डांडे की वंदना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं शांति की मंगल कामना की जाती है।

होलिका दहन की इस परमपावन तिथि पर रात्रि 10:45 बजे दहन का शुभ मुहूर्त निर्धारित किया गया है। इस पावन अनुष्ठान का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, अपितु लोककल्याण एवं आध्यात्मिक शुद्धि का प्रतीक भी है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आस्था व श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर मंगलमय जीवन की कामना की।
















Users Today : 15
Users Yesterday : 23