
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान भाजपा जिला अध्यक्ष बप्पा चटर्जी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्टेशन की आधारभूत संरचना एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित कई आवश्यक माँगों को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में रेलवे प्रशासन को विभिन्न ज्वलंत मुद्दों से अवगत कराते हुए यथाशीघ्र समाधान हेतु ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से रेलवे भूमि एवं भवनों पर अवैध कब्जे को हटाने, चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों हेतु पृथक एवं सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, एर्नाकुलम एक्सप्रेस एवं पुरी (18450) एक्सप्रेस के ठहराव, बर्नपुर-असनसोल के मध्य डबल लाइन निर्माण, आसनसोल-बोकारो (63591) ट्रेन के शीघ्र संचालन, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों हेतु रैंप की व्यवस्था, स्टेशन क्षेत्र में सर्वव्यापी सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, उन्नत लगेज रूम एवं सुव्यवस्थित डॉरमेट्री सुविधा, दोनों प्लेटफार्मों पर स्वच्छ एवं आधुनिक शौचालयों का निर्माण तथा सुव्यवस्थित टिकट काउंटर स्थापना जैसी माँगों को प्राथमिकता से रखा गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष बप्पा चटर्जी ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि आसनसोल रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करना अति आवश्यक है। यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखना रेलवे प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है, अतः इन आवश्यकताओं को शीघ्र पूर्ण किया जाना चाहिए।

बैठक में उपस्थित स्टेशन प्रबंधक ने समस्त माँगों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए शीघ्र समाधान हेतु उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। इस बैठक के माध्यम से यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को रेलवे प्रशासन तक पहुँचाया गया, जिससे स्टेशन परिसर के समग्र विकास की संभावनाएँ प्रबल हो गई हैं।
भाजपा के इस पहल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ मिलने की उम्मीद जागी है। अब देखने वाली बात होगी कि रेलवे प्रशासन इन माँगों पर कितना शीघ्र अमल करता है और स्टेशन की सुविधाओं को उन्नत करने में कितना सफल रहता है।















Users Today : 0
Users Yesterday : 46