

आसनसोल : रविवार की संध्या प्रतिमा विसर्जन के समय महुआ डंगाल, रेल पार, आसनसोल उत्तर स्थित काली मंदिर के निकट वर्मा परिवार पर स्थानीय युवकों के एक समूह ने घातक हमला कर दिया। इस हमले में अमित वर्मा का सिर फूट गया, और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के अनुसार, चंदन बरनवाल, दिसू एवं उनके अन्य साथियों ने लोको मस्जिद के निकट पटाखे फोड़ने की कोशिश की। इस दौरान अनिल वर्मा, जो दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव हैं, ने उन्हें ऐसा करने से रोका ताकि क्षेत्र में साम्प्रदायिक सद्भाव बना रहे। लेकिन उन युवकों ने अनिल की एक न सुनी और अपनी हरकत जारी रखी। इस बीच, दीपक वर्मा ने पटाखे छीनकर उन्हें दूर फेंक दिया, जिसके बाद वे लोग दीपक पर टूट पड़े। वहां मौजूद पुलिस और स्थानीय वरिष्ठ व्यक्तियों ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाया और उन्हें अपने-अपने घरों में जाने के लिए कहा। हालांकि, इसके ठीक दस मिनट बाद चंदन बरनवाल, के साथ युवकों ने वर्मा परिवार के घर पर हमला कर दिया। इस हमले में अमित वर्मा का सिर फोड़ दिया गया, उनके कपड़े फाड़ दिए गए, और दीपक वर्मा को बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान, अमित वर्मा की बूढ़ी विधवा माँ को भी घसीटकर मारा गया। घटना के बाद अनिल वर्मा ने आसनसोल उत्तर थाना में चंदन बरनवाल, चंदन मिश्रा, गोलू, शुभं कर्मकार, हेमंत विश्वकर्मा, पिंकू बरनवाल और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात तक दीपक वर्मा के अलावा किसी अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना ने क्षेत्र में आतंक का माहौल पैदा कर दिया है, और स्थानीय निवासी इस प्रकार की हिंसा के प्रति गहरी चिंता व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
















Users Today : 3
Users Yesterday : 22