
आसनसोल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आसनसोल दक्षिण विधायक अग्निमित्रा पाल और जिला अध्यक्ष बप्पा चटर्जी ने संवाददाता सम्मेलन कर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सौवीं जयंती पर वर्षभर चलने वाले शताब्दी समारोह की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर 2024 से 25 दिसंबर 2025 तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रत्येक बूथ स्तर पर प्रभात फेरी, उनके चित्रों पर माल्यार्पण, उनकी कविताओं का पाठ और उनके योगदान पर आधारित व्याख्यान आयोजित होंगे। यह प्रयास नई पीढ़ी को अटलजी के योगदान और विचारधारा से अवगत कराने के लिए है। उन्होंने कहा कि वाजपेयीजी के नेतृत्व और देशसेवा का संदेश देशभर में फैलाने के लिए एक ऑनलाइन लोगो प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता के विजेता का लोगो पूरे शताब्दी समारोह के प्रतीक चिह्न के रूप में उपयोग किया जाएगा।

इसी दौरान संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों ने कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर की हत्या और दुष्कर्म मामले में सीएफएसएल की रिपोर्ट पर सवाल उठाए। रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि जिस सेमिनार हॉल को घटना का स्थल समझा जा रहा था, वहां दुष्कर्म और हत्या के कोई निशान नहीं मिले।
अग्निमित्रा पाल ने इस मामले में पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से ही कहती आई है कि सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के एक दिन बाद कॉलेज परिसर के बाथरूम का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया गया, जिससे यह संदेह प्रबल होता है कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या बाथरूम में हुई होगी और शव को सेमिनार हॉल में रखा गया।

पाल ने सीबीआई से मामले की त्वरित जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार डॉ. संदीप घोष और टाला थाने के प्रभारी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देने में बाधा डाल रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि खुद को अधिवक्ता बताने वाली मुख्यमंत्री को यह ज्ञात होना चाहिए कि शाम 6 बजे के बाद पोस्टमार्टम नहीं किया जा सकता। लेकिन महिला डॉक्टर का पोस्टमार्टम उसी समय करवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने डॉक्टर के माता-पिता को रिश्वत देकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की।
अग्निमित्रा पाल ने जोर देते हुए कहा कि भाजपा इस मामले को दबने नहीं देगी और महिला डॉक्टर के लिए न्याय सुनिश्चित करेगी।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31