
दुर्गापुर : राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कड़ी चेतावनी के बाद पुलिस अवैध बालू, कोयला और लोहा व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार रात दुर्गापुर के एनटीएस थाना अंतर्गत विधाननगर फाड़ी की पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आईटीआई मोड़ के समीप छापेमारी कर अवैध लोहे से भरी पिकअप वैन को जब्त किया। वैन पर लाखों रुपये मूल्य के लोहे के एंगल लदे हुए थे। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सागर आंकुड़े और मोहम्मद राजा खान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी दुर्गापुर के सागरभांगा स्थित कुसुमतला इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि अवैध लोहे से भरी एक पिकअप वैन आईटीआई मोड़ से गुजरने वाली है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर जाल बिछाया। रात के समय जैसे ही संदिग्ध पिकअप वैन वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में वैन से कई टन लोहे के एंगल बरामद हुए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह चोरी का लोहा कहां से लाया गया था और इसे कहां भेजा जाना था।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार पुलिस अवैध कारोबार पर पैनी निगरानी रख रही है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के माध्यम से इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।















Users Today : 62
Users Yesterday : 34