
रानीगंज : शहर के बाजार क्षेत्रों में फुटपाथ और सड़कों के किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस प्रशासन पूर्णतः सक्रिय दिख रहा है। रानीगंज थाना और ट्रैफिक गार्ड के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एक व्यापक अभियान चलाया। बाजार में भ्रमण करते हुए दुकानदारों को फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए गए।
सड़क किनारे लगाए गए प्लास्टिक की छावनियों को तत्काल हटाया गया। ठेले और फुटपाथ पर दुकानें लगाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर उनके सामान जब्त किए जाएंगे। इस अभियान में ट्रैफिक प्रभारी चित्ततोष मंडल नेतृत्व करते दिखे। उनके हाथ में डंडा था, और रानीगंज थाने की पुलिस उनके साथ मौजूद थी। उन्होंने बाजार के विभिन्न हिस्सों में घूमकर सड़क किनारे रखे सामान और अवैध छावनियों को हटाने का कार्य किया।

उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2023 में भी ट्रैफिक प्रभारी चित्ततोष मंडल ने इसी प्रकार का अभियान चलाया था। इसके साथ ही आसनसोल नगर निगम ने भी अतिक्रमण हटाने के कई प्रयास किए थे। हालांकि, इन अभियानों के बाद स्थिति में अस्थायी सुधार होता है, परंतु प्रशासनिक निगरानी की कमी के कारण पुनः अतिक्रमण शुरू हो जाता है।
ट्रैफिक पुलिस सूत्रों के अनुसार, रानीगंज की यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। बाजार क्षेत्रों में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए टोटो परिचालन के लिए नए मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कुछ प्रमुख मार्गों में टोटो के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।

ट्रैफिक प्रभारी चित्ततोष मंडल ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार उनकी प्राथमिकता है। फुटपाथ और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सुविधा के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।















Users Today : 4
Users Yesterday : 64