
आसनसोल : चोरी की बढ़ती घटनाओं ने अब धार्मिक स्थलों को भी नहीं छोड़ा है। आसनसोल के कन्यापुर क्षेत्र में स्थित कल्याणपुर हाउसिंग के अंतर्गत माँ मेला बूढ़ी मंदिर में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह घटना मंगलवार की रात को घटित हुई, जब चोरों ने मंदिर में घुसकर दान पेटी की चोरी की।
बुधवार सुबह जब मंदिर के पुजारी ने मंदिर खोला, तो देखा कि मंदिर की सारी लाइट बंद पड़ी हुई थी। लाइट्स की स्थिति को देखकर पुजारी को शक हुआ और उन्होंने यह जानकारी मंदिर कमिटी के सदस्यों को दी। मंदिर कमिटी के सदस्य जब घटनास्थल पर पहुंचे तो पाया कि मंदिर के लाइट के मैन स्विच को बंद किया गया था और पूरी तरह से मंदिर की बिजली काट दी गई थी।

मंदिर के अंदर लाइट चालू करते ही पता चला कि दान पेटी टूट चुकी है और उसमें रखे पैसे गायब थे। यह स्पष्ट हुआ कि चोरों ने सिर्फ दान पेटी की चोरी की थी, जबकि मंदिर के अन्य सामान को नष्ट नहीं किया। चोरों ने पहले मंदिर के लाइट्स को बंद किया ताकि सीसीटीवी कैमरे में कोई रिकॉर्डिंग न हो सके। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में चोरों के मंदिर में प्रवेश करते हुए स्पष्ट रूप से कैद हो गए थे, लेकिन लाइट बंद होते ही फुटेज में कोई और गतिविधि दिखाई नहीं दी।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय आसनसोल नार्थ थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि यदि चोर अब भगवान के घर को भी निशाना बना रहे हैं, तो सामान्य नागरिकों के घरों की सुरक्षा का क्या होगा।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64