
आसनसोल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय, शीतला में आज जिला अध्यक्ष बप्पा चटर्जी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने पोलो मैदान में आयोजित हस्तशिल्प मेले में लगी आग की घटना पर नाराजगी जताते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला किया। चटर्जी ने कहा कि जो टीएमसी कुंभ मेले के आयोजन को लेकर नकारात्मक बयानबाजी कर रही थी, वही एक छोटे से हस्तशिल्प मेले का समुचित संचालन नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक विफलता और अव्यवस्था के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जिससे आयोजकों और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। भाजपा जिला अध्यक्ष ने इसे सरकारी लापरवाही का परिणाम करार दिया और कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गए एक कथित पत्र पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन पर लगाए गए आरोपों का उल्लेख था। बप्पा चटर्जी ने इस पत्र को पूरी तरह फर्जी करार दिया और इसे उनकी छवि धूमिल करने का षड्यंत्र बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपों को प्रमाण सहित प्रस्तुत किया जाना चाहिए, केवल निराधार आरोप लगाने से सत्य स्थापित नहीं होता।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को शिकायत भेजी है। इस पत्र में हस्ताक्षरित कार्यकर्ताओं के नाम दिए गए थे, लेकिन प्रेस मीट में उपस्थित उन्हीं कार्यकर्ताओं ने पत्र को फर्जी बताते हुए इसका खंडन किया।
चटर्जी ने कहा कि इस षड्यंत्र के पीछे किन्हीं असामाजिक तत्वों की साजिश हो सकती है, जो भाजपा संगठन को कमजोर करने की मंशा रखते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की गहन जांच की मांग की और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की अपील की।















Users Today : 19
Users Yesterday : 23