
जामुड़िया : ईसीएल के केंदा क्षेत्र की छोरा सात नंबर कोलियरी स्थित नोनिया पाड़ा में एक भीषण सड़क दुर्घटना घटी, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। छाई लदा ओवरलोड डंपर सड़क किनारे स्थित हीरा नोनिया के मकान पर पलट गया। इस हादसे में मकान की दीवार के साथ डीवीसी का पाइपलाइन, बीएसएनएल का पोल और पास की नाली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घर के दूसरे कमरे में सो रहे परिजन बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के कारण चिचुड़िया मोड़ से बहुला साइडिंग जाने वाला मुख्य मार्ग कई घंटों तक जाम रहा, जिससे यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

स्थानीय भाजपा नेता रवींद्र यादव ने ईसीएल पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बंद पड़े नॉर्थ जामबाद ओसीपी की भराई के लिए छाई के ओवरलोड ट्रांसपोर्टिंग के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि ईसीएल द्वारा जनबहुल क्षेत्रों से ओवरलोड डंपरों का आवागमन कराया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा, सड़क पर पानी का उचित छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण उड़ती धूल से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस घटना की निष्पक्ष जांच और ईसीएल की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।















Users Today : 62
Users Yesterday : 34