
आसनसोल : आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा के उपलक्ष्य में स्थानीय नगर निगम के तत्वावधान में 400 छठ व्रतियों को साड़ी, सूप और पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के उपमेयर अभिजीत घटक, एमएमआईसी गुरुदास चटर्जी, तृणमूल कांग्रेस के नेता भानू बोस समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

अभिजीत घटक ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था का महान प्रतीक है, जो पूर्व में हिंदी बहुल क्षेत्रों में विशेष रूप से मनाया जाता था। ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में भी इस पर्व का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखती हैं, यही कारण है कि बंगाल में छठ के अवसर पर दो दिवसीय अवकाश घोषित किया जाता है। घटक ने बताया कि बंगाल एक ऐसा राज्य है जहाँ विभिन्न धर्मों और प्रांतों के लोग एकजुट होकर अपने पर्व और उत्सव को धूमधाम से मनाते हैं। राज्य सरकार भी एक ऐसे सौहार्दपूर्ण माहौल का निर्माण करती है जहाँ सभी अपने-अपने त्योहारों को उत्साह और उल्लास के साथ मना सकें।

कार्यक्रम के आयोजक चंकी सिंह ने कहा कि वह पिछले 9 वर्षों से छठ पूजा के अवसर पर इस प्रकार का आयोजन कर रहे हैं। इस वर्ष भी 400 व्रतियों के बीच साड़ी, सूप और अन्य पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया है। सिंह ने ममता बनर्जी के नेतृत्व में हिंदी भाषी समाज को मिले स्नेह और सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है जहाँ छठ पर्व पर विशेष अवकाश मिलता है। उन्होंने कहा कि हिंदी भाषी समुदाय सदैव ममता बनर्जी के साथ खड़ा रहा है और रहेगा।
छठ पूजा के इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश देते हुए एक-दूसरे के मंगल की कामना की।















Users Today : 2
Users Yesterday : 34