
आसनसोल : चित्तरंजन रेल शहर के व्यस्ततम क्षेत्र छः नंबर पल्ली में विवाह समारोह की व्यस्तता का लाभ उठाते हुए एक आवास में चोरी का असफल प्रयास किया गया। चोरों ने रात के अंधेरे में आवास के पिछले दरवाजे और रसोईघर की खिड़की के तार काट दिए। हालांकि, आवास के भीतर प्रवेश करने से पहले ही उन्हें भागने पर मजबूर होना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना छः नंबर पल्ली की 34 नंबर सड़क स्थित 12ए/ए आवास की है। आवास के निवासी, रेलकर्मी श्रीकांत बनर्जी की पुत्री के विवाह का आयोजन छः नंबर पल्ली के सामुदायिक भवन में किया गया था। इस अवसर पर परिवार के सदस्य और सभी अतिथि समारोह में व्यस्त थे। आवास को ताला बंद कर छोड़ा गया था।

रात लगभग दो बजे, समारोह समाप्त होने पर जब परिवार लौटकर आया तो पाया कि पीछे का दरवाजा और रसोईघर की खिड़की का तार कटा हुआ था। दरवाजे को तोड़ने का भी प्रयास किया गया था। हालांकि, किसी कारणवश चोर भीतर घुसने में असफल रहे। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि परिवार के लौटने में और देर हो जाती, तो चोर घर का सामान खाली कर चुके होते।
इस घटना से पूरे रेल शहर में भय व्याप्त हो गया है। छः नंबर पल्ली के प्रतिष्ठित निवासी और समाजसेवी बप्पा कुंडू ने कहा कि शहर के अधिकांश हिस्से रात के समय अंधकार में डूबे रहते हैं। सड़क पर लाइटें बंद होने से अपराधियों का जमावड़ा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को कई बार मौखिक रूप से रेल प्रशासन के सामने रखा गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

रेल शहर की सुरक्षा को लेकर हाल ही में रेल प्रशासन, आरपीएफ और पुलिस अधिकारियों के बीच एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शहर के जंगली क्षेत्रों, परित्यक्त क्वार्टर और अधूरे निर्माण कार्यों से उत्पन्न खतरे पर चर्चा की गई थी। हालांकि, प्रशासन द्वारा रात में गश्त लगाने की बात कही गई, लेकिन इतने बड़े शहर में अपराधियों को ढूंढ पाना चुनौतीपूर्ण है।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि शहर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेल प्रशासन को और अधिक सक्रिय कदम उठाने की आवश्यकता है।















Users Today : 7
Users Yesterday : 64