

आसनसोल : शहर की विभिन्न समस्याओं और अवैध गतिविधियों को लेकर बुधवार को दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस ने आसनसोल नगर निगम को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय को सौंपा जाना था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी को दिया गया। ज्ञापन में मुख्यतः चार प्रमुख मांगों और मुद्दों को उठाया गया, जिनमें पार्किंग में अनियमितताएं, तालाबों का अतिक्रमण, पत्थर खदानों की भराई और वोल्वो बस स्टैंड का स्थानांतरण शामिल हैं।

पार्किंग में अवैध वसूली पर सवाल: कांग्रेस नेता शाह आलम ने बताया कि आसनसोल शहर के 9 नंबर पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। जहां नियमों के अनुसार तीन घंटे बाद शुल्क दोगुना होना चाहिए, वहीं यहां एक घंटे बाद ही दोगुना शुल्क वसूल लिया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले ₹5 का शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब ₹10 और ₹20 वसूले जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मेयर ने 2025 तक पार्किंग संचालन का अधिकार दे दिया, लेकिन उसकी वैधता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। तालाबों का अतिक्रमण और अवैध निर्माण: शाह आलम ने वार्ड नंबर 46 के पद्मो तालाब और राम तालाब का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन तालाबों को छोटा कर अतिक्रमण किया गया है और वहां कारखाने तथा फ्लैटों का निर्माण किया जा रहा है। यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की घोषणा के विपरीत है, जिसमें उन्होंने तालाबों के संरक्षण पर जोर दिया था। पत्थर खदान भराई और वोल्वो बस स्टैंड: उन्होंने रानीगंज और कल्ला क्षेत्र में पत्थर खदान भरकर फ्लैट निर्माण के अवैध कार्यों की भी शिकायत की। वोल्वो बस स्टैंड के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शहर के मध्य में यह बस स्टैंड बनाना जनता के लिए असुविधाजनक है, जबकि शहर के बाहरी हिस्सों में दो बस स्टैंड बनाए गए हैं, जिनका उपयोग नहीं हो रहा।

टीएमसी पर निशाना: कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधते हुए कहा कि आसनसोल में सभी अवैध कार्य टीएमसी नेताओं के समर्थन से हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला तस्करी से जुड़े टीएमसी नेता अब जमीन माफिया बन गए हैं और राजमार्ग के किनारे जमीन के अवैध कारोबार में लिप्त हैं। अमरनाथ चटर्जी ने कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्थर खदान भराई के लिए कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करना आवश्यक है। बीएलआरओ दफ्तर से अनुमति के बिना इसे बेचना गैरकानूनी होगा। वोल्वो बस स्टैंड के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मेयर विधान उपाध्याय ने इसे स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया है।
नगर निगम ने सभी मुद्दों की जांच का वादा किया है और अगले महीने बैठक में इन समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।















Users Today : 62
Users Yesterday : 34