आसनसोल : आगामी 25 दिसंबर को जहां संपूर्ण विश्व में क्रिसमस का उल्लास मनाया जाएगा, वहीं आसनसोल में भी इस पावन पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। इस उपलक्ष्य में ईसाई समुदाय द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया, जिसकी शुरुआत सेक्रेड हार्ट चर्च से हुई। जुलूस ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों की परिक्रमा करते हुए चेलीडांगाल स्थित सेंट जॉन्स चर्च में समापन किया।
इस शोभायात्रा में ईसाई समुदाय के महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुलूस के अग्रभाग में सुसज्जित वाहन प्रभु यीशु की महिमा का संदेश फैलाते हुए चल रहा था, जिसके पीछे श्रद्धालुओं का विशाल समूह चल रहा था। प्रतिभागियों ने अपने हाथों में प्रभु यीशु के संदेश लिखे पोस्टर और बैनर थाम रखे थे।
जुलूस से पहले सेक्रेड हार्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ, जिसमें प्रभु यीशु मसीह को स्मरण करते हुए उनकी शिक्षाओं का अनुसरण करने का संकल्प लिया गया। सभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु से समस्त मानवता के कल्याण और सुख-शांति की कामना की।
सेंट जॉन्स चर्च के पादरी फादर डॉल्फिन मथायस ने इस अवसर पर बताया कि ईसा मसीह ने अपने जीवन से प्रेम, त्याग और शांति का संदेश दिया। यह जुलूस उन्हीं आदर्शों को स्मरण कर समस्त विश्व में सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना के लिए आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि क्रिसमस न केवल ईसाई समुदाय बल्कि समस्त मानवता के लिए प्रेम और सहिष्णुता का पर्व है।
प्रार्थना सभा और जुलूस के माध्यम से आसनसोल में क्रिसमस के पवित्र और उल्लासपूर्ण वातावरण का प्रारंभ हो चुका है। अब पूरा शहर प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव को मनाने के लिए सजने-संवरने लगा है।















Users Today : 61
Users Yesterday : 34