

बर्नपुर : सेल-ईस्को इस्पात संयंत्र, बर्नपुर के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत और बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के सहयोग से बर्नपुर स्टेडियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हड़ामडीह, कोयलापुर, श्यामबांध, छिन्नमस्ता और बर्नपुर स्टेडियम के विभिन्न परिधीय गांवों से फुटबॉल और कबड्डी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 134 खिलाड़ियों के बीच खेल उपकरण वितरित किए गए।

इस अवसर पर बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के प्रशिक्षुओं द्वारा एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों और अतिथियों ने सराहा। सीएसआर की इस पहल का उद्देश्य वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों, किशोरों और युवाओं को खेलों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक विकास का अवसर प्रदान करना है। पूरे वर्ष ग्रामीण परिवेश के खिलाड़ियों को फुटबॉल और कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे वे प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए तैयार हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अभिक डे, कार्यकारी निदेशक (सामग्री प्रबंधन), ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए आत्मानुशासन और आत्मसम्मान के महत्व पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि उमेंद्र पाल सिंह, कार्यालयीन कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन), और अन्य प्रमुख अधिकारी बिनोद कुमार (सीजीएम इंचार्ज, नगर सेवाएं एवं सीएसआर), दीपक जैन (सीजीएम, इलेक्ट्रिकल), श्री विनीत रावल (सीजीएम, मैकेनिकल), जितेंद्र कुमार (सीजीएम, एसएमएस एवं एलडीसीपी) भी उपस्थित थे।
सीएसआर विभाग के पवन कुमार सिंह और दिनेश कुमार तथा बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के सचिव देवर्षि रॉय ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई। इस पहल से न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि खेल के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन की भावना भी प्रबल हुई है। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच अनुशासन और समर्पण का जोश देखने लायक था।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31