
आसनसोल : डाक विभाग के प्रयासों को सशक्त बनाने तथा समाज में इसकी व्यापक भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से आसनसोल डाक मंडल द्वारा बर्नपुर स्थित भारती भवन में डाक समुदाय विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में दक्षिण बंगाल क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल रिजु गांगुली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के राजभाषा अधिकारी सी.एन. पाठक, रामकृष्ण मिशन हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक स्वामी भरूपानंद महाराज, बर्नपुर गर्ल्स हाई स्कूल के प्रधानाचार्य सौमेन चट्टोपाध्याय तथा आसनसोल डाक मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक सह प्रशासनिक अधिकारी अंशुमान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

आधार नामांकन शिविर एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी
इस कार्यक्रम के तहत तत्काल आधार नामांकन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके अलावा, डाक जीवन बीमा तथा विभिन्न बचत योजनाओं के तहत खाता खोलने हेतु विशेष शिविर भी लगाया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने इस अवसर का लाभ उठाया।

डाक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान
आर्थिक वर्ष 2024-25 के दौरान अपने क्षेत्र में असाधारण सेवा प्रदान करने वाले ग्रामीण डाक सहायक, पोस्टमैन डाक सहायक, डाकपाल तथा डाक अधिकारियों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से, महिला डाक अधिकारी व कर्मचारी, जिन्होंने अपने कर्तव्य पालन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, उन्हें भी सम्मानित कर उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की गई।

डाक सेवाओं की मजबूती के लिए सतत प्रयास
डाक विभाग की यह पहल सामाजिक जुड़ाव को प्रोत्साहित करने तथा नागरिक सुविधाओं को डिजिटल और पारंपरिक सेवाओं से जोड़ने का प्रभावी प्रयास है। इस कार्यक्रम से स्थानीय निवासियों में डाक विभाग की सेवाओं के प्रति जागरूकता और विश्वास में वृद्धि हुई है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 23