
आसनसोल : डीएवी पब्लिक स्कूल, कन्यापुर, आसनसोल में प्रातः 8 बजे से अपराह्न 2 बजे तक एक दिवसीय पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। इस आयोजन में नर्सरी से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुस्तक मेले की संपूर्ण प्रक्रिया को व्यवस्थित और छात्रों की रुचियों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिससे यह आयोजन अभिभावकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए विशेष अनुभव बन गया।
पुस्तक मेले के लिए 6 दिसंबर को पुस्तक चयन दिवस के रूप में निर्धारित किया गया था। इस दिन विद्यार्थियों को समूहों में विद्यालय में बुलाया गया, जहां उन्होंने अपनी रुचि के अनुरूप पुस्तकें चुनीं। उनके द्वारा चयनित पुस्तकों की सूची के आधार पर मेले का संचालन किया गया। इस दिन अभिभावकों के साथ आए विद्यार्थियों ने अपनी पसंदीदा पुस्तकों को खरीदने का अद्भुत आनंद लिया।

शीत ऋतु की सुनहरी धूप में पुस्तक मेले का वातावरण उल्लासपूर्ण और प्रेरणादायक था। विद्यार्थियों की उमंग और उत्साह ने मेले की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि जागृत करना और उन्हें साहित्य के प्रति आकर्षित करना था।

इस मेले का आयोजन कोलकाता के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड पब्लिशर्स के सहयोग से किया गया। विद्यालय के इस प्रयास ने न केवल छात्रों बल्कि अभिभावकों को भी पुस्तकों के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि छात्रों में साहित्यिक और बौद्धिक विकास का भी मार्ग प्रशस्त होता है।
विद्यालय प्रबंधन और आयोजकों ने इस सफल आयोजन के प्रति संतोष व्यक्त किया और इसे भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प लिया। यह पुस्तक मेला विद्यार्थियों को ज्ञानार्जन के प्रति प्रेरित करने का एक सार्थक कदम साबित हुआ।















Users Today : 4
Users Yesterday : 64