
कुल्टी : राज्यभर में दुर्गा पूजा के उल्लासमय वातावरण के बीच चिकित्सकों का आमरण अनशन अब भी अडिग है। आर.जी. कर अस्पताल में एक सहकर्मी महिला डॉक्टर के साथ हुए वीभत्स बलात्कार और निर्मम हत्या के विरोध में जूनियर डॉक्टरों का आक्रोश निरंतर सुलग रहा है। शुक्रवार को भी इन कर्मठ चिकित्सकों ने अपने अनशन को दृढ़ता के साथ जारी रखा, न्याय की पुकार में डटे हुए हैं।

इसी क्रम में “जस्टिस फॉर आरजी कर” के नारों के साथ शहरवासियों ने कुल्टी न्यू रोड स्थित काली मंदिर के समक्ष एकत्रित होकर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और अन्याय के विरुद्ध समाज को जागरूक करने हेतु एक सशक्त नाट्य मंचन किया। तिलोत्तमा की स्मृति में आयोजित इस सड़क नाटक ने उपस्थित जनसमूह को भीतर तक झकझोर दिया, जहां महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की पुनर्व्याख्या की गई। कलाकारों ने अपने प्रस्तुति में समाज में नारी उत्पीड़न के प्रति चल रही उदासीनता पर करारा प्रहार किया, जिससे लोगों में जागरूकता का संचार हुआ।
अनशनरत डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, वे अपने आंदोलन को यूँ ही जारी रखेंगे। चिकित्सकों का यह कदम न केवल न्याय की मांग का प्रतीक है, बल्कि यह समाज को उसके दायित्वों की याद भी दिला रहा है। अस्पताल और चिकित्सा व्यवस्था में महिलाओं की सुरक्षा पर नए सिरे से विचार की आवश्यकता को रेखांकित करता यह आंदोलन, हर संवेदनशील नागरिक को भीतर तक झकझोर रहा है।
















Users Today : 3
Users Yesterday : 22