
दुर्गापुर : कॉकओवन थाना क्षेत्र के प्रगतिपल्लि और सुभाषपल्लि के बीच शुक्रवार सुबह 11:30 बजे हुई एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। प्रगति पल्लि की रहने वाली आंचल शोनकर (12) और अर्पिता शोनकर (7) अपनी मामा के घर सुभाष पल्लि जा रही थीं। इसी दौरान 9 नंबर राज्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

गंभीर रूप से घायल बच्चियों को तत्काल दुर्गापुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने राज्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय पुलिस के पहुँचने पर आक्रोशित भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा तथा सड़क पर बम्पर लगाने की मांग की।
सूचना पाकर पूर्व पार्षद प्रियांकी पांजा मौके पर पहुंचीं, लेकिन आक्रोशित लोग शांत नहीं हुए। लोगों की मांग थी कि जब तक ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। करीब एक घंटे तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहा, जिससे राज्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

अंततः पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे ट्रैफिक पुलिस तैनात नहीं की गई तो फिर से प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और बम्पर की कमी के कारण इस क्षेत्र में बार-बार हादसे हो रहे हैं।















Users Today : 3
Users Yesterday : 22