
दुर्गापुर : नेहरू युवा केंद्र, दुर्गापुर के तत्वावधान में सीमांत क्षेत्र युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन 12 फरवरी से प्रारंभ हुआ। भारत सरकार के युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में दुर्गापुर सब डिविजनल स्पोर्ट्स एंड कल्चरल क्लब्स कोऑर्डिनेशन सोसाइटी एवं रोटरी क्लब ऑफ दुर्गापुर स्मार्ट सिटी सह-आयोजक के रूप में सम्मिलित हैं।
शुक्रवार को कार्यक्रम के तीसरे दिन, पुलवामा हमले के वीर शहीदों को नमन किया गया। 14 फरवरी 2019 को CRPF की 76वीं बटालियन के 40 वीर जवानों ने अपनी शहादत दी थी। इस अवसर पर उपस्थित युवा प्रतिनिधियों ने मौन धारण कर एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

तीन महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद
युवाओं के बौद्धिक और सामाजिक सशक्तिकरण हेतु तीन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई—
1. प्राकृतिक आपदाओं का सामना – मुख्य वक्ता पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल सुब्रत चक्रवर्ती
2. तनावमुक्त जीवन जीने की कला – मुख्य वक्ता रोटेरियन कर्नल डॉ. वी. वी. गुच्चैत
3. बंगाल की संस्कृति एवं विरासत – मुख्य वक्ता प्रख्यात शिक्षाविद् सुचिंत चट्टराज
कार्यक्रम का संचालन कवि घोष ने किया, जबकि नेहरू युवा केंद्र, दुर्गापुर की अधिकारी अन्वेषा भट्टाचार्य ने अतिथियों को सम्मानित किया।

युवाओं को विविध प्रशिक्षण एवं पर्यटन
प्रतिनिधियों को प्रातःकालीन परेड एवं ब्रतचारी प्रशिक्षण दिया गया। दोपहर उपरांत उन्हें ऑर्गेनिक गार्डन, इस्कॉन मंदिर, जंक्शन मॉल व सिटी सेंटर सहित दुर्गापुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम में असम, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, बिहार एवं उत्तर प्रदेश से 25 युवा प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। इस अवसर पर समाजसेवी सुबीर राय, अमिताभ बनर्जी, रक्तदान आंदोलन के नेता राजेश पालित एवं थैलेसीमिया सोसाइटी के गोपी रंजन बसु सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।















Users Today : 43
Users Yesterday : 14