
दुर्गापुर : रविवार की सुबह दुर्गापुर में जय बालाजी ग्रुप द्वारा आयोजित तीसरी दुर्गापुर-10K मैराथन प्रतियोगिता ने एक नई ऊर्जा का संचार किया। इस वर्ष प्रतियोगिता में लगभग 3000 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ के साथ-साथ महिलाओं के लिए साड़ी रन और बच्चों के लिए किड्स रन भी आकर्षण का मुख्य केंद्र बने। इस भव्य आयोजन की शुरुआत दुर्गापुर शहर के गांधी मोड़ मैदान से हुई।

मैराथन रेस का उद्घाटन जय बालाजी ग्रुप के निदेशक गौरव जाजोदिया, टॉलीवुड अभिनेत्री स्वास्तिका दत्ता, पश्चिम बर्दवान जिले के एडीडीए संजय पाल, दुर्गापुर के एसडीएम सौरभ चटर्जी, दुर्गापुर नगर निगम के कमिश्नर अबुल कलाम आजाद इस्लाम सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। जय बालाजी ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट किशन जी खटाना तथा अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
गौरव जाजोदिया ने बताया कि दुर्गापुर-10K की पहली और दूसरी कड़ी में अपार सफलता मिली थी, जिसके कारण इस बार भी आयोजन का विस्तार किया गया। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार प्रतियोगियों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि हुई है, जो यह दर्शाता है कि दुर्गापुर में लोगों में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

टॉलीवुड अभिनेत्री स्वास्तिका दत्ता ने भी इस मैराथन रेस की सराहना की और कहा कि यह आयोजन बेहद उत्साहजनक था। प्रतियोगिता में भाग लेने वालों में विशेष उत्साह देखने को मिला, विशेषकर साड़ी रन में महिलाओं का प्रदर्शन काबिले तारीफ था।
इस वर्ष की मैराथन प्रतियोगिता में 10 किमी, 5 किमी, और 2 किमी की दौड़ रखी गई, जिसमें पुरस्कार राशि के रूप में करीब 5 लाख रुपये वितरित किए गए। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखा गया, और प्रतियोगिता में रानीगंज, जामुड़िया, आसनसोल, झारखंड, उत्तर प्रदेश तथा उड़ीसा से भी प्रतिभागी पहुंचे थे।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31