
कुल्टी : राज्य पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने हाल ही में झारखंड से लाए गए भारी मात्रा में हथियार और कारतूस जब्त किए। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि इन हथियारों को पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति करने की योजना थी। यह बरामदगी न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है, बल्कि राज्य में अपराध के बढ़ते स्तर की ओर भी संकेत करती है।इस घटना पर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “अवैध हथियारों का पकड़ा जाना पश्चिम बंगाल में अब सामान्य घटना बन चुकी है। यह राज्य की बिगड़ती संस्कृति और प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है।

उन्होंने राज्य में अवैध हथियार निर्माण और आपूर्ति को लेकर गहरी चिंता जताई।डॉ. पोद्दार ने आगे कहा, “कुछ समय पहले नियामतपुर और डिसेरगढ़ में भी अवैध हथियार फैक्ट्रियां पकड़ी गई थीं, लेकिन उन मामलों में क्या कार्रवाई हुई, यह आज तक स्पष्ट नहीं है।

चौरंगी में गिरफ्तार लोगों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाएंगे, यह भी अनिश्चित है। ऐसा लगता है कि अब हथियार और बम बनाना राज्य की संस्कृति का हिस्सा बनता जा रहा है।”उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल कानून-व्यवस्था की नाकामी नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त अपराध के गहराते जड़ को भी दर्शाती है।एसटीएफ की इस कार्रवाई के बाद झारखंड-बंगाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए व्यापक जांच की जा रही है।इस घटना ने राज्य में बढ़ते अवैध हथियार व्यापार पर न केवल चिंता बढ़ा दी है, बल्कि इसे नियंत्रित करने की प्रशासनिक क्षमता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।















Users Today : 61
Users Yesterday : 34