

कुल्टी : आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 63 के तृणमूल कांग्रेस के पार्षद सलीम अख्तर अंसारी के घर को शुक्रवार को एक निजी होम लोन प्रदाता कंपनी ने कर्ज न चुकाने के कारण सील कर दिया। यह कार्रवाई आसनसोल कोर्ट के आदेश पर कुल्टी थाना पुलिस की उपस्थिति में की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
लोन प्रदाता कंपनी के अधिकारी तारक सामंत ने जानकारी देते हुए बताया कि 2018 में सलीम अख्तर अंसारी और उनके भाई शमीम अख्तर अंसारी ने कंपनी से 19 लाख रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन पिछले दो वर्षों से उन्होंने ईएमआई या किसी भी किस्त का भुगतान नहीं किया है। बार-बार नोटिस देने के बाद भी कर्जदारों की ओर से कोई उत्तर नहीं मिला। अंततः कंपनी ने कोर्ट में मामला दायर किया। कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को मकान को सील कर कंपनी ने अपने कब्जे में ले लिया।

अधिकारी के अनुसार, अब तक 32 लाख रुपये का बकाया कर्ज है। उन्होंने बताया कि कर्ज चुकाने के लिए आग्रह किया गया था, लेकिन अदालत के आदेश के तहत मकान सील करना अनिवार्य हो गया। उन्होंने कहा कि कर्जदार कंपनी के आसनसोल कार्यालय में जाकर बातचीत कर सकते हैं।

इस घटना पर शमीम अख्तर अंसारी ने प्रतिक्रिया दी कि कर्ज उनके बड़े भाई सलीम अख्तर ने लिया था और वह इस मामले से अनजान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सलीम अख्तर करीब डेढ़ महीने से लापता हैं और उनका कोई संपर्क नहीं है।
गौरतलब है कि सलीम अख्तर अंसारी इलाके में राशन डीलर भी हैं और पहले उन पर राशन डीलरशिप में अनियमितता के आरोप लग चुके हैं। खाद्य विभाग ने उनकी डीलरशिप को निलंबित कर दिया है। अब कर्जदार होने के कारण उनकी छवि और अधिक धूमिल हो रही है।















Users Today : 27
Users Yesterday : 34