
आसनसोल : शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। खदान क्षेत्रों में कोहरे का असर अधिक देखा गया। सुबह छह से आठ बजे के बीच कोहरा घना रहा, जिसके बाद आकाश धीरे-धीरे साफ हुआ। हालांकि, बादलों के छाए रहने की संभावना बनी रही। मौसम विभाग ने बताया है कि आसनसोल सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
अलीपुर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के 9 जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस मौसमीय स्थिति के चलते क्षेत्र में तापमान में मामूली वृद्धि की संभावना जताई गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का संयुक्त प्रभाव तापमान और वर्षा को प्रभावित कर रहा है। दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि सप्ताह के मध्य तक तापमान में फिर से गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस बदलाव के दौरान सतर्क रहें।
विशेषकर खदान और ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे के कारण आवागमन में सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग की ओर से ठंड और बारिश को देखते हुए गर्म कपड़े पहनने और बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।















Users Today : 4
Users Yesterday : 64