
रानीगंज : कोयला नगरी के नाम से विख्यात रानीगंज ने अपनी पहचान एक बार फिर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के क्षेत्र में स्थापित की है। इस वर्ष रानीगंज के 11 छात्रों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की कठिनतम परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
चार्टर्ड अकाउंटेंसी परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है, जिसमें केवल प्रतिभा, कठिन परिश्रम और एकाग्रता ही सफलता की कुंजी है। कहा जाता है कि रानीगंज की भूमि पर तैयारी करने वाले छात्रों को सफलता अवश्य प्राप्त होती है। रानीगंज से 650 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी सफलता के झंडे गाड़ चुके हैं।

इस बार की उपलब्धि में जैन समाज के राजेश जैन और प्रीति जैन की पुत्री प्रतीक्षा जैन ने परीक्षा में सफलता अर्जित की है। प्रतीक्षा की इस उपलब्धि से जैन समाज में हर्ष का माहौल है। प्रतीक्षा ने कहा कि वह भविष्य में नौकरी कर अपने ज्ञान को उपयोगी बनाना चाहती है। वहीं, समाजसेवी अरविंद सिंघानिया के पुत्र आदित्य सिंघानिया ने भी परीक्षा में सफलता पाई है। आदित्य की माता वीणा सिंघानिया ने बताया कि यह सफलता उनके पुत्र की निरंतर मेहनत का परिणाम है।
अन्य सफल छात्रों में अदिति केडिया, तुषार शराफ, किशन गुप्ता, प्रिया जैन, ईशा कुमारी, अनिरुद्ध बाजोरिया, संदीप कुमार सिंह, राहुल चक्रवर्ती और शुभम अग्रवाल शामिल हैं। इन सभी ने माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का आधार बताया है।

सभी सफल छात्रों ने नियमित अध्ययन और सघन परिश्रम से इस मुकाम को हासिल किया है। अब ये छात्र कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्य करने की इच्छा रखते हैं। इन युवाओं की यह सफलता न केवल रानीगंज बल्कि पूरे शिल्पांचल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31