
कुल्टी : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर के नियामतपुर थाने के अंतर्गत रहमान पाड़ा क्षेत्र में निवासरत फरहा नाज ने अपने ममेरे भाई जावेद बारी पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। फरहा का दावा है कि जावेद ने एक संपत्ति के लिए पावर एग्रीमेंट कर उसे 6 लाख 30 हजार रुपये की ठगी का शिकार बनाया है।

फरहा ने बताया कि जावेद बारी, जो आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बोरो कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं, ने उसे यह कहकर पैसे मांगे कि उनकी सिलीगुड़ी में कुछ संपत्ति है। जावेद ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक सड़क दुर्घटना में चोट लगी है और स्वास्थ्य कारणों से उन्हें काम से छुट्टी नहीं मिल रही। इसके चलते उन्होंने फरहा से आग्रह किया कि वह उन्हें 6 लाख रुपये दे दें ताकि वे संपत्ति का पावर एग्रीमेंट कर सकें, जिससे वह इसे बेचने में मदद कर सकें। इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए फरहा ने अपने कुछ गहने और कर्ज लेकर जावेद को पैसे दिए।

उक्त पैसे के बदले में जावेद ने फरहा के नाम से सितम्बर 2024 में पावर एग्रीमेंट भी तैयार कर दिया। हालांकि, जब फरहा ने उस संपत्ति की बिक्री के लिए ग्राहक ढूंढने का प्रयास किया, तो उसे पता चला कि जावेद ने उस संपत्ति का पावर एग्रीमेंट पहले ही वीरेंद्र सिंह सवरेवाल नामक व्यक्ति के साथ किया था, जो कि मार्च में संपन्न हुआ था। इस जानकारी के बाद फरहा ने जावेद से सवाल किए कि उन्होंने उसके साथ ऐसा क्यों किया और पैसे लेकर उसे धोखा क्यों दिया।

जावेद ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उसने किसी प्रकार का पावर एग्रीमेंट नहीं किया है और ना ही किसी पैसे की मांग की थी। उन्होंने फरहा पर यह भी आरोप लगाया कि उसने जाली कागजात बनाकर पावर एग्रीमेंट तैयार किया है, ताकि वह लोगों से पैसे ठग सके। इस विवाद के बाद जावेद ने न्यायालय में न्याय की गुहार भी लगाई है।
इसके जवाब में फरहा ने अपने भाई जावेद को चेतावनी दी कि वह चुप नहीं बैठेगी और अपने पैसे वापस लेकर रहेगी, चाहे उसे न्यायालय का दरवाजा क्यों न खटखटाना पड़े। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए न्यायालय में मामला दर्ज कराया गया है। अब यह देखना होगा कि इस विवाद का निपटारा कैसे होता है और कौन सी सच्चाई सामने आती है।















Users Today : 20
Users Yesterday : 22