
कुल्टी : आसनसोल नगर निगम के 63 नंबर वार्ड अंतर्गत कुल्टी स्थित टीबी हॉस्पिटल ग्राउंड में क्यु के एपीजे कलाम अकादमी द्वारा भव्य इफ्तार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पांडवेश्वर के विधायक एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, कुल्टी के पूर्व विधायक एवं टीएमसी जिला चेयरमैन उज्ज्वल चटर्जी, आसनसोल नगर निगम की पूर्व डिप्टी मेयर तबस्सुम आरा, पूर्व एमएमआईसी मीर हाशिम समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह में सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप सामूहिक इफ्तार किया। इस दौरान विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना सौहार्द्र, सहिष्णुता और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बंगाल की संस्कृति ही यही है कि यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर पर्व-त्योहार मनाते हैं। इफ्तार समारोह इसका सजीव उदाहरण है, जहां सभी ने एक साथ बैठकर भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।

उन्होंने आगे कहा कि रमज़ान आत्मसंयम और परोपकार का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और सौहार्द की भावना और मजबूत होती है। चक्रवर्ती ने समस्त मुस्लिम समुदाय को रमज़ान की बधाई देते हुए इस आयोजन की सराहना की।

इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आसनसोल सहित इस संपूर्ण क्षेत्र की विशेषता यही है कि यहां विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे के पर्वों को मिलकर मनाते हैं, जो सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक सौहार्द्र को दर्शाता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोज़ेदारों, स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों की उपस्थिति देखी गई, जिससे आयोजन और भी भव्य हो गया।















Users Today : 12
Users Yesterday : 23